बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

महदेइया कोल वाशरी पर प्रदूषण फैलाने के आरोप, खेतों पर जम रही कोयले की परत; नाले और जलस्रोत प्रभावित

ज़ीरो लिक्विड डिस्चार्ज व्यवस्था पर सवाल, दूषित पानी और कोल स्लरी के बहाव से ग्रामीणों की चिंता बढ़ी

सिंगरौली। गोरबी के पास महदेइया गांव में करीब एक दशक से संचालित मेसर्स महाबीर कोल रिसोर्स की कोल वाशरी को लेकर पर्यावरणीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों का दावा है कि वाशरी की ज़ीरो लिक्विड डिस्चार्ज व्यवस्था प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रही है। इसके चलते इस्तेमाल किया गया दूषित पानी और कोयले की धूल व स्लरी नालों तथा प्राकृतिक जल प्रवाह के रास्तों से बाहर बह रही है।

बिजुला नाले में स्लरी बहने का आरोप
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, नए रेल ट्रैक के निर्माण के बाद प्राकृतिक बिजुला नाले की संरचना प्रभावित हुई है। आरोप है कि वाशरी से निकलने वाले पानी को थिकनर या सेटलिंग पॉन्ड में शोधित कर पुनर्चक्रित करने के बजाय नालियों में बहाया जा रहा है। हाल के दिनों में नाले से जेसीबी के जरिए निकाली गई कोल स्लरी को भी प्लांट से बहकर जमा हुई कोयले की धूल से जोड़कर देखा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इस स्लरी को दोबारा कोयले में मिलाने अथवा मोरवा कोल साइडिंग ले जाने की चर्चा है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

खेतों, कुओं और जलीय जीवों पर असर की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि वाशरी की गतिविधियों और कोयले की धूल से आसपास के खेतों की ऊपरी सतह पर काली परत जम रही है, जिससे मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होने की आशंका है। महदेइया और आसपास के गांवों में दूषित पानी के बहाव के कारण दर्जनों कुओं और हैंडपंपों के प्रभावित होने का दावा भी किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने एनसीएल पुनर्वास स्थल के समीप स्थित प्लांट से गुजरने वाले नाले में ऑयल और ग्रीस पहुंचने की आशंका जताते हुए जलीय जीव-जंतुओं पर इसके संभावित दुष्प्रभाव की जांच कराने की मांग की है।

ज़ीरो लिक्विड डिस्चार्ज और निगरानी व्यवस्था पर सवाल
कोल वाशरी में पानी के बंद चक्र की व्यवस्था के तहत दूषित जल का शोधन कर दोबारा उपयोग किए जाने की बात कही जाती है, ताकि प्रदूषित पानी बाहर न निकले। लेकिन ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों ने आरोप लगाया है कि यहां इस व्यवस्था का प्रभावी पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था और संबंधित विभागों की निगरानी पर भी सवाल उठाए हैं।
इसके अलावा, प्लांट के आसपास की जमीन कम कीमत पर लेने के लिए दबाव बनाए जाने की चर्चा भी स्थानीय स्तर पर है। हालांकि, इस आरोप की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, बिजुला नाले के पानी और आसपास के जलस्रोतों के नमूनों की जांच तथा खेतों पर पड़ रहे प्रभाव का आकलन कराने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button