देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, संपत्ति जांच के आदेश रद्द

इलाहाबाद हाईकोर्ट को नए सिरे से सुनवाई के निर्देश, याचिका की वैधता पर पहले होगा विचार

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आय से अधिक संपत्ति के आरोपों से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को राहुल गांधी के खिलाफ लगाए गए आरोपों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए थे। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को नए सिरे से सुनवाई के लिए हाईकोर्ट भेज दिया है। साथ ही निर्देश दिया है कि राहुल गांधी को पक्षकार बनाकर उनका पक्ष सुना जाए।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने कहा कि हाईकोर्ट पहले यह विचार करे कि संबंधित याचिका सुनवाई योग्य है या नहीं। इसके बाद सभी पक्षों को सुनकर आगे निर्णय लिया जाए।

भाजपा कार्यकर्ता की शिकायत पर शुरू हुआ था मामला

यह मामला कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर की याचिका से जुड़ा है। उन्होंने राहुल गांधी और उनके परिवार के कुछ सदस्यों पर आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप लगाए थे। मई 2026 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सीबीआई और ईडी को शिकायत का नियमानुसार सत्यापन करने तथा कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश दिए थे। बाद में हाईकोर्ट ने सीबीआई के जवाब पर असंतोष जताते हुए विस्तृत जानकारी मांगी थी।

राहुल गांधी ने उठाए थे प्रक्रिया पर सवाल

राहुल गांधी ने हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उनकी ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने दलील दी थी कि शिकायतकर्ता की याचिका की वैधता और उसे याचिका दाखिल करने के अधिकार पर विचार होना चाहिए। यह भी कहा गया कि राहुल गांधी को पक्ष रखने का अवसर दिए बिना आदेश पारित किया गया।

सुप्रीम कोर्ट ने 17 अगस्त को ही हाईकोर्ट की आगे की कार्यवाही पर रोक लगाते हुए सीबीआई और ईडी को रिपोर्ट पेश करने से रोक दिया था। अब शीर्ष अदालत ने मामला नए सिरे से सुनवाई के लिए भेज दिया है। इस आदेश से आरोपों की सत्यता पर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है।

राहुल गांधी की नागरिकता को लेकर भाजपा कार्यकर्ता की एक अलग याचिका भी इलाहाबाद हाईकोर्ट में लंबित है।

Author

Related Articles

Back to top button