दूषित पानी की समस्या पर हरकत में आया प्रशासन, कपुरदेई पहुंची अधिकारियों की टीम
6 माह में नलजल योजना से पानी मिलने का दावा, अतिरिक्त हैंडपंप खुदवाने के निर्देश

सिंगरौली। चितरंगी क्षेत्र की कपुरदेई पंचायत के मुंगहवा टोला में आदिवासी परिवारों को नाला और झरने का दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होने की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। बुधवार को एसडीएम चितरंगी देवेंद्र द्विवेदी, तहसीलदार दुधमनिया सारिका परस्ते और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की टीम गांव पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया और ग्रामीणों की समस्या सुनी।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों की पेयजल समस्या को देखते हुए अधिकारियों ने एक अतिरिक्त हैंडपंप खुदवाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि गांव को नलजल योजना से जोड़ा गया है। जमतिहवा में पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है। आगामी 6 माह में ग्रामीणों को नलजल योजना के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की बात कही गई।
मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल मिलने की उम्मीद जगी है। हालांकि, वास्तविक राहत तभी मिलेगी जब हैंडपंप का उत्खनन शीघ्र पूरा होगा और नलजल योजना निर्धारित समय में शुरू हो सकेगी। अब ग्रामीणों को प्रशासन के निर्देशों के जमीन पर अमल होने का इंतजार है।












