सामाजिक समरसता और विकास संविधान का मूल उद्देश्य : डॉ. विनोद पाण्डेय

सिंगरौली। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाई प्रथम के तत्वावधान में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों ने संविधान की शपथ ली तथा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। सभी ने संविधान के प्रति निष्ठा, कर्तव्यपरायणता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और समानता के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए समाजशास्त्र के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि संविधान निर्माण में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि जब तक सूरज-चांद रहेगा, भारत का संविधान और बाबा साहब का नाम रहेगा।
मुख्य वक्ता राजनीति विज्ञान के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रजनीकांत ने कहा कि सामाजिक समरसता की भावना का विकास संविधान का मूल लक्ष्य है। इसी भावना से भारतीय समाज की एकता और अखंडता सुरक्षित रहती है। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. प्रभाकर लाल ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और भविष्य में भी लोकतांत्रिक संकल्पनाओं को साकार करने में अग्रणी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और महात्मा गांधी के विचारों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. छोटे लाल प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आनंद प्रिया सिंह ने किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
आयोजन में खुशबू, ममता, प्रभा, नीरज, समीर, अंजना पूर्ति, पूनम, रोशनी और धन्नू सहित अन्य स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।












