लोकसभा सीटें 50% तक बढ़ाने के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी, 2050 तक लागू रहेगा फॉर्मूला
महिला आरक्षण और परिसीमन के प्रावधानों में संशोधन की तैयारी, 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र

नई दिल्ली, । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लोकसभा की सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रस्ताव के अनुसार, सीटों की नई अधिकतम सीमा वर्ष 2050 तक लागू रहेगी। यह फैसला 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले लिया गया है।
प्रस्तावित फॉर्मूले के तहत 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखते हुए सभी राज्यों में सीटों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। इससे परिसीमन के दौरान दक्षिणी राज्यों के प्रतिनिधित्व पर पड़ने वाली संभावित असमानता को लेकर उनकी चिंताओं को दूर करने की कोशिश मानी जा रही है।
केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़े कानून में संशोधन की तैयारी भी कर रही है। इसके लिए संविधान संशोधन विधेयक लाए जाने की संभावना है। इससे पहले लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 में रखा गया था, लेकिन अप्रैल में यह विधेयक पारित नहीं हो सका था।
लोकसभा का विशेष सत्र 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। सत्र में महिला आरक्षण, परिसीमन और संसदीय प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।













