सीधी

पीएम मोदी, सरदार पटेल के अखंड भारत के स्वप्न को साकार कर रहे हैं – सांसद…

यात्रा आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक सशक्त पहल – राधा…

पीएम मोदी, सरदार पटेल के अखंड भारत के स्वप्न को साकार कर रहे हैं – सांसद…

आत्मनिर्भर भारत संकल्प यात्रा एवं सरदार/150 यूनिटी मार्च का शुभारंभ…

सीधी पोल खोल पोस्ट न्यूज़
“आत्मनिर्भर भारत संकल्प यात्रा” एवं “सरदार/150 यूनिटी मार्च” का शुभारंभ शुक्रवार को सीधी से हुआ। यह 5 दिवसीय यात्रा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के नेतृत्व में सीधी से सिंगरौली तक जाएगी। इस यात्रा में सांसद सहित 150 वालेंटियर्स पदयात्रा के माध्यम से विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएंगे। यात्रा के दौरान सांसद आमजनों की समस्याओं को भी सुनेंगे तथा उनके निराकरण का प्रयास करेंगे।

 

शुभारंभ कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत – आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सशक्त पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत का जो लक्ष्य रखा है, ये यात्रा उसी दिशा में प्रेरणादायक कदम है।
उन्होंने यह भी बताया कि भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती के अवसर पर 1 नवंबर से 15 नवंबर तक पूरे प्रदेश में विविध कार्यक्रम और गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। यह आयोजन आदिवासी गौरव, राष्ट्र एकता और आत्मनिर्भरता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का उत्सव होगा।

 

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस अखंड भारत का स्वप्न देखा था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी सपने को साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत संकल्प यात्रा” केवल विकास की यात्रा नहीं, बल्कि समानता, समरसता और सद्भाव को सुदृढ़ करने की यात्रा है। यह प्रधानमंत्री के उस संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास है, जिसमें हर व्यक्ति आत्मनिर्भर और हर गांव विकसित बने।

 

सरदार पटेल के योगदान को नमन करते हुए सांसद ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और लौह-संकल्प के बल पर देश को एक सूत्र में पिरोया। उन्होंने कहा कि आज का भारत सरदार पटेल की एकता की भावना से प्रेरित है और हम सभी का कर्तव्य है कि उस अखंडता को और सशक्त बनाएं।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि यह यात्रा राष्ट्रएकता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। सरदार पटेल के जीवन से हमें एकता, अनुशासन और सेवा की प्रेरणा मिलती है। “आत्मनिर्भर भारत संकल्प यात्रा” उन्हीं के आदर्शों पर आधारित है, जो राष्ट्रनिर्माण के प्रति जन-जागरण का माध्यम बनेगी।

 

कार्यक्रम में आत्मनिर्भर भारत के विजन पर सारगर्भित चर्चा हुई, जिसमें स्थानीय युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों और उद्यमियों को आत्मनिर्भरता के पथ पर अग्रसर होने हेतु प्रेरित किया गया।

 

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सीधी धर्मेंद्र सिंह परिहार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष इंद्रशरण सिंह चौहान, यदुनाथ सिंह, मंगलेश्वर सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विश्वबंधुधर द्विवेदी, भाजपा सीधी मंडल अध्यक्ष पंकज पांडेय सहित बड़ी संख्या में युवा और नागरिक उपस्थित रहे।

 

“रन फॉर यूनिटी” में दिखा एकता, संकल्प और राष्ट्रभाव का अद्भुत संगम

 

देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सीधी जिले में “रन फॉर यूनिटी” दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने उपस्थित जनों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई तथा हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। पुलिस परेड ग्राउंड से प्रारंभ हुई ये एकता दौड़ जिलेभर में राष्ट्र एकता का सशक्त संदेश लेकर दौड़ी। कार्यक्रम में 350 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस आयोजन का संचालन पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, नगर पालिका सीएमओ मिनी अग्रवाल, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, गणमान्य नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएँ तथा पुलिस बल बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस दूरदर्शिता, दृढ़ता और राष्ट्रनिष्ठा के साथ देश के बिखरे रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत की अखंडता को मजबूत किया, वह हमारे इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने हमें सिखाया कि कोई भी कार्य असंभव नहीं, यदि संकल्प और एकता अडिग हो।
सांसद ने कहा कि आज की यह ‘रन फॉर यूनिटी’ केवल एक खेलकूद आयोजन नहीं, बल्कि यह उस राष्ट्रभावना का प्रतीक है जिसने भारत को एकता के सूत्र में बाँधा है। सीधी जैसे अंचल में युवाओं का यह उत्साह इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी देश की अखंडता, समरसता और विकास की दिशा में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही है। सरदार पटेल के आदर्श हमें प्रेरित करते हैं कि हम सभी मिलकर भारत को एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाएं।

Author

  • सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

पोल खोल पोस्ट

सुनील सोनी , " पोल खोल पोस्ट " डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

Related Articles

Back to top button