गणतंत्र दिवस से पहले पंजाब में रेलवे लाइन पर धमाका, मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त

सरहिंद (पंजाब)। गणतंत्र दिवस से ठीक 48 घंटे पहले पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद क्षेत्र में रेलवे लाइन पर देर रात हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। इस घटना में एक मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि लोको पायलट और सहायक लोको पायलट (एएलपी) घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार धमाके में आरडीएक्स जैसे शक्तिशाली विस्फोटक के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।
यह घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। उस समय एक मालगाड़ी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की रेलवे लाइन से गुजर रही थी। जैसे ही मालगाड़ी खानपुर फाटक के पास पहुंची, अचानक तेज धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि रेलवे लाइन का लगभग 12 फीट हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर उखड़ गया।
धमाके में इंजन चालक को चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।
गणतंत्र दिवस से पहले हुई इस घटना को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। रेलवे प्रशासन ने एहतियातन आसपास के रेल मार्गों की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस और जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही हैं।













