सिंगरौली में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार

सिंगरौली। सिंगरौली जिले में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरई तहसील के खनुआ सर्किल में पदस्थ बाबू लखपति सिंह को 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू जमीन के नामांतरण के बदले आवेदक से पैसे की मांग कर रहा था।शिकायतकर्ता रामनारायण शाह ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जमीन के नामांतरण के लिए बाबू लखपति सिंह लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले की गोपनीय जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई।
जाल बिछाकर की गिरफ्तारी
जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर बाबू को रंगे हाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने बाबू को रिश्वत की रकम दी, टीम ने उसे दबोच लिया। हाथ धुलवाने पर केमिकल के कारण रंग बदलने से रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी लखपति सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी अन्य लोगों से इस तरह की अवैध वसूली की है।अधिकारियों का कहना है कि रिश्वतखोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।













