देश विदेशब्रेकिंग न्यूज़

बीजापुर में 12 नक्सली ढेर, 3 जवान शहीद, भारी मात्रा में हथियार बरामद

 

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा पर चलाए गए इस संयुक्त ऑपरेशन में 12 नक्सली मार गिराए गए, जबकि तीन जवान मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। दो घायल जवानों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

 

सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को पश्चिम बस्तर डिवीजन के जंगलों में नक्सल गतिविधियों की जानकारी मिली थी, जिसके बाद डीआरजी, एसटीएफ और सीआरपीएफ की कोबरा यूनिट की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन पर भेजा गया। सुबह घने जंगलों में पहुंचते ही नक्सलियों ने अचानक हमला कर दिया। सुरक्षा बलों ने जवाबी फायरिंग की और दोनों ओर से लंबे समय तक गोलीबारी चलती रही। इस दौरान 12 नक्सली ढेर हो गए, जबकि हमारे 3 वीर जवानों ने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

 

भारी मात्रा में हथियार बरामद

एनकाउंटर के बाद मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने कई नक्सलियों के शवों के साथ एसएलआर, इंसास और 303 राइफल जैसे आधुनिक हथियार बरामद किए हैं। इससे स्पष्ट है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे, लेकिन सुरक्षा बलों ने उनके मंसूबों को ध्वस्त कर दिया।

 

अधिकारी बताते हैं कि ऑपरेशन अभी भी जारी है और भागे हुए नक्सलियों की तलाश के लिए इलाके में अतिरिक्त बल भेजा गया है।

 

अब तक 268 नक्सली ढेर – नक्सल प्रभावित इलाकों में बड़ी सफलता

साल 2025 में छत्तीसगढ़ में अब तक 268 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 239 नक्सली अकेले बस्तर डिवीजन में ढेर हुए हैं। 27 नक्सली गरियाबंद (रायपुर डिवीजन) और 2 नक्सली मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (दुर्ग डिवीजन) में मारे गए।

 

यह ऑपरेशन सुरक्षा बलों की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिसने नक्सलियों की गतिविधियों को बड़ा झटका दिया है और क्षेत्र में शांति स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।

Author

Related Articles

Back to top button