चंपावत में बाराती वाहन दुर्घटनाग्रस्त, 5 की मौत

चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने विवाह समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया। लोहाघाट के बाराकोट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बारातियों से भरी एक बोलेरो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। भीषण दुर्घटना में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में एक महिला और 6 वर्षीय मासूम बच्चा भी शामिल है।
वापसी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 4 दिसंबर को पिथौरागढ़ जिले के गणाई गंगोली (सेराघाट) से बारात चंपावत के पाटी ब्लॉक के बालातड़ी गांव पहुंची थी। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद बारात वाहन वापस लौट रहा था। अंधेरा होने और सड़क की स्थिति के कारण बाराकोट के समीप बागधार क्षेत्र में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो गहरी खाई में समा गई।
रातभर चला रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुँचीं। खाई बेहद गहरी होने से रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जवानों की कड़ी मेहनत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को लोहाघाट उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच जारी है।
इन 5 लोगों की दर्दनाक मौत
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार और रिश्तेदारी से जुड़े थे—
प्रकाश चंद उनियाल (40), निवासी सुभाषनगर, रुद्रपुर
केवल चंद्र उनियाल (35)
सुरेश नौटियाल (32)
भावना चौबे (28)
प्रियांशु चौबे (6 वर्ष)
इन घायल बारातियों का चल रहा उपचार
चालक देवीदत्त पांडेय (38), निवासी सेराघाट, अल्मोड़ा
धीरज उनियाल (12), प्रकाश चंद के पुत्र
राजेश जोशी (14), निवासी बनकोट
चेतन चौबे (5), निवासी दिल्लीभा
स्कर पंडा, निवासी सेराघाट
इस हृदयविदारक घटना के बाद वर और वधु पक्ष दोनों ही गांवों में मातम का माहौल है। खुशियों से भरा विवाह समारोह अचानक शोक में बदल गया, जिससे पूरे क्षेत्र में गम का साया छाया हुआ है।













