ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

टूटी पुलिया से ट्रैक्टर नहर में गिरा, तीन किसानों की मौत

भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। लहार थाना क्षेत्र के नानपुरा गांव के पास टूटी पुलिया से एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा, जिसमें सवार तीन किसानों की मौत हो गई। हादसे में तीनों के शव ट्रॉली के नीचे दबे हुए मिले।मृतकों की पहचान रावतपुरा सानी गांव निवासी झींगुरी सिंह राजपूत (80), बलवीर सिंह राजपूत (70) और शिब्बू उर्फ शिवेंद्र सिंह राजपूत (35) के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों किसान अपने खेत का धान बेचने उत्तर प्रदेश गए थे और देर शाम घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे अंधेरा होने के कारण ट्रैक्टर टूटी पुलिया से गुजरते समय फिसलकर सीधे नहर में पलट गया।

 

हादसे की जानकारी तब मिली जब पास के खेत में पानी दे रहे कुछ किसानों की नजर नहर में उलटे पड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ी। पास जाने पर तीनों किसान ट्रैक्टर के नीचे दबे दिखे। ग्रामीणों ने तुरंत लहार पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही टीआई शिवसिंह यादव पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से नहर में फंसे ट्रैक्टर को हटाया गया और नीचे दबे तीनों शव बाहर निकाले गए। पानी में डूबने और ट्रॉली के नीचे दबने से तीनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

 

पुलिस ने शवों को लहार सिविल अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद बुधवार सुबह परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।

Author

Related Articles

Back to top button