ईद-मिलादुन्नबी पर भव्य जलसा आज, 14 दिसंबर को मक्का-मदीना के लिए जायरीनों का जत्था होगा रवाना

सिंगरौली- जामिया नूरिया ग्राउंड बैढ़न में आज गुरुवार (जुमेरात) को जश्ने ईद-मिलादुन्नबी का भव्य जलसा आयोजित किया जा रहा है। कई दिनों से चल रही तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रम में देशभर के नामचीन उलेमा-ए-कराम शिरकत करेंगे।जलसे में शोहरतयाफ्ता पीर-ए-तरीकत हज़रत अल्लामा मौलाना नसीरुद्दीन साहब नसीर-ए-मिल्लत (उत्तरप्रदेश) और विश्वविख्यात आलिम हज़रत अल्लामा मौलाना सैय्यद अशफाक अहमद साहब किबला (फैज़ाबाद) विशेष रूप से शामिल होंगे।
कार्यक्रम की सदारत हज़रत मंजूर अहमद साहब (शहर काज़ी, बैढ़न नूरी जामा मस्जिद) करेंगे।क़यादत हाफिज़-ओ-कारी मुश्ताक अहमद साहब, जबकि निज़ामत हाफिज़ अहमद रज़ा साहब संभालेंगे।जलसे में कई लोकप्रिय उलेमा एवं शायर—साजिद हुसैन रज़ा मिस्बाही, गुलाम मुरसलीन, कारी मुनिरुद्दीन, हाफिज किताबुद्दीन, हाफिज कुतुबुद्दीन नूरी, मोहम्मद कासिम सिंगरौलवी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने मुस्लिम समुदाय से अपील की है कि सुबह 9 बजे मदरसा ग्राउंड पहुँचे और जलसे को सफल बनाएं।
14 दिसंबर को मक्का-मदीना ज़ियारत के लिए रवाना होगा जत्था
जिले से कई जायरीन 14 दिसंबर को मक्का शरीफ और मदीना शरीफ की ज़ियारत के लिए रवाना होंगे। जत्थे में बीना परियोजना के रिटायर्ड कर्मचारी एवं बीना जामा मस्जिद के पूर्व सदर मोजाहिद खान, उनके बेटे तथा मदरसा नूरिया बैढ़न के प्रिंसिपल मौलाना साजिद हुसैन रज़ा भी शामिल रहेंगे। जायरीन रविवार को बरगवां रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे और वहाँ से जेद्दा एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
यह धार्मिक यात्रा 15 दिनों की होगी, जिसके दौरान सभी लोग मक्का-मदीना में अरकान अदा करेंगे। प्रस्थान से पहले सुबह 9:30 बजे जामा मस्जिद में नमाज़े शुक्राना अदा की जाएगी।बरगवां रेलवे स्टेशन पर जायरीनों का गर्मजोशी से इस्तकबाल भी किया जाएगा।













