परिवहन विभाग का सघन जाँच एवं जन-जागरूकता अभियान जारी

सिंगरौली।जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा सघन जाँच अभियान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। “हर यात्रा सुरक्षित, हर मुसाफ़िर संरक्षित” के संदेश के साथ विभाग की टीमें विभिन्न मार्गों और चेकपॉइंट्स पर नियमित रूप से वाहनों की जाँच कर रही हैं।
अभियान के तहत तीनगुड़ी चौकी पर जाँच के दौरान परिवहन नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर एक मालवाहक वाहन को जप्त किया गया। इसके अलावा जिले के अलग-अलग स्थानों पर कई वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। जाँच के दौरान बिना लाइसेंस, बिना बीमा, बिना वैध दस्तावेज तथा नियमों के विपरीत वाहन चलाने वालों पर जुर्माना लगाया गया।
परिवहन विभाग द्वारा इन दिनों क्कष्ट (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र) की विशेष जाँच भी की जा रही है। शिकायतों के आधार पर उन वाहनों और केंद्रों की जाँच की गई, जहाँ बिना वास्तविक परीक्षण के प्रदूषण प्रमाण पत्र जारी किए जाने की आशंका थी। साथ ही बिना बीमा चल रहे दोपहिया और चारपहिया वाहनों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान ओवरलोड वाहनों, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों, बिना सीट बेल्ट कार चालकों तथा नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए। कई मामलों में वाहनों को जप्त किया गया।
इसके साथ ही परिवहन विभाग द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, बस स्टैंडों और प्रमुख चौराहों पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, तेज गति से होने वाली दुर्घटनाओं तथा शराब पीकर वाहन चलाने के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी जा रही है।परिवहन अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे परिवहन नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा में प्रशासन का सहयोग करें।













