मध्य प्रदेशसिंगरौली

स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पर सख्त एक्शन, विन्ध्यनगर में 7 वाहन जब्त

 

सिंगरौली। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। इसी क्रम में जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर ने 15 दिसंबर को विन्ध्यनगर क्षेत्र में स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन स्कूल बस और चार मैजिक वाहन जब्त किए गए, जबकि कुल 14 हजार रुपये का चालान भी काटा गया।

अभियान के दौरान स्कूल बसों और मैजिक वाहनों में फिटनेस, बीमा, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। कई वाहनों में आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए गए, वहीं कुछ वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन किया जा रहा था। इसके अलावा कुछ वाहनों में फायर सेफ्टी उपकरण, आपातकालीन गेट और फर्स्ट एड बॉक्स जैसी अनिवार्य सुविधाएं भी नहीं थीं।
जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि बच्चों की जान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। स्कूली वाहनों को शासन द्वारा तय सभी मानकों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को केवल पंजीकृत और सुरक्षित वाहनों से ही स्कूल भेजें। जांच अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम मौजूद रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button