मध्य प्रदेशसिंगरौली

नाइट कॉम्बिंग अभियान में 282 अपराधियों पर कार्रवाई

सिंगरौली पुलिस द्वारा किया गया औचक नाइट कॉम्बिंग गश्त का अयोजन

सिंगरौली। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने बीती रात औचक नाइट कॉम्बिंग गश्त का सफल आयोजन किया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में पूरे जिले में आयोजित किया गया। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत और पुलिस उपमहानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के निर्देशन में यह गश्त संपन्न हुई।

अभियान के दौरान जिले के समस्त अनुभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न थानों और चौकियों की पुलिस टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और हाईवे पर सघन गश्त कर अपराधियों की धरपकड़ की। अभियान में कुल 282 अपराधियों/बदमाशों पर कार्रवाई की गई, जिनमें 23 स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी शामिल थी। वहीं, 90 गिरफ्तारी वारंटियों की पहचान कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इसके अलावा 91 निगरानी बदमाशों और 78 गुण्डा बदमाशों की भी जांच की गई।

गिरफ्तार किए गए वारंटियों में थाना बैढ़न, चौकी सासन, थाना विंध्यनगर, चौकी जयंत, थाना नवानगर, थाना मोरवा, चौकी गोरबी, थाना बरगवां, थाना माड़ा, थाना जियावन और थाना सरई के विभिन्न फरार अपराधी शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि जिन कर्मचारियों की संलिप्तता पाई जाएगी, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान पुलिस ने विशेष सुरक्षा उपायों को भी लागू किया। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और हाईवे पर संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई। देर रात बिना कारण घूम रहे संदिग्धों को चेतावनी दी गई और यात्रियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। बैंकों और एटीएम परिसरों में भी औचक निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि यह अभियान अपराधियों में डर पैदा करने और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने में सफल रहा। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।

Author

Related Articles

Back to top button