देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

शिल्पा शेट्टी के घर आयकर विभाग की छापेमारी, बास्टियन होटल से जुड़ा मामला

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री और उद्यमी शिल्पा शेट्टी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। आयकर विभाग ने उनके जुहू स्थित आवास पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई बेंगलुरू के चर्चित होटल बास्टियन गार्डन सिटी से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में की गई है। आयकर विभाग की टीम ने मुंबई के साथ-साथ बेंगलुरू स्थित होटल परिसर में भी एक साथ छानबीन की।

सूत्रों के अनुसार, बास्टियन होटल समूह पर करीब 60 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी और टैक्स चोरी के आरोप हैं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर आयकर विभाग ने होटल के वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2019 में शिल्पा शेट्टी ने बास्टियन हॉस्पिटैलिटी में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी। इस कंपनी के मालिक उद्योगपति रंजीत बिंद्रा बताए जाते हैं।

जानकारी के मुताबिक, 17 दिसंबर को सबसे पहले बेंगलुरू स्थित बास्टियन रेस्टोरेंट में आयकर विभाग ने छापेमारी की थी। इसके बाद जांच के दायरे को बढ़ाते हुए मुंबई में शिल्पा शेट्टी के जुहू स्थित घर पर कार्रवाई की गई। आयकर विभाग की टीम वित्तीय रिकॉर्ड्स, लेनदेन और निवेश से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही है।

गौरतलब है कि शिल्पा शेट्टी सिर्फ एक अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि एक सफल व्यवसायी भी हैं। उनके रेस्टोरेंट और हॉस्पिटैलिटी बिजनेस मुंबई, गोवा और बेंगलुरू समेत कई शहरों में संचालित हैं। फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है और आधिकारिक तौर पर अभी किसी निष्कर्ष की घोषणा नहीं की गई है।

Author

Related Articles

Back to top button