बढ़ती ठंड से राहत के लिए प्रशासन सक्रिय
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल, आश्रय स्थलों व अलाव की व्यवस्था

सिंगरौली। जिले में लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने जरूरतमंदों को राहत देने की दिशा में कदम उठाए हैं। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए जाएं।
इसी क्रम में एसडीएम सिंगरौली श्री सुरेश जाधव के निर्देशन में प्रशासन की टीम ने ठंड से सबसे अधिक प्रभावित जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। उपखंड अधिकारी सिंगरौली एवं तहसीलदार नगर श्रीमती सविता यादव के नेतृत्व में रात्रि 8 बजे से बस स्टैंड बैढ़न, जयंत, चून कुमारी स्टेडियम सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कंबल वितरण किया गया।
आश्रय स्थलों और अलाव की भी व्यवस्था
कलेक्टर श्री बैनल ने नगर निगम प्रशासन को भी निर्देश दिए हैं कि रैन बसेरों और आश्रय स्थलों में ठंड से बचाव के लिए समुचित इंतजाम किए जाएं। साथ ही प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ठंड के मौसम में आम नागरिकों को राहत मिल सके।कंबल वितरण के दौरान हल्का पटवारी पचोर एवं मेढ़ोली भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि ठंड के प्रकोप को देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो।













