बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपाल

मुरैना में नशे में धुत भाजपा नेता की कार से 5 लोगों को कुचला, मासूम समेत दो की मौत

मुरैना।मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। शराब के नशे में बताई जा रही एक कार की टक्कर से एक मासूम बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद आरोपी भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।मृतकों की पहचान रामदत्त राठौर (65 वर्ष) और अर्नव लाक्षाकार (10 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों राठौर मोहल्ला, वार्ड क्रमांक-3, पोरसा के निवासी थे। घायल तीन लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है।

अलाव ताप रहे लोगों को कुचला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पोरसा थाना क्षेत्र के जोटई रोड बाईपास चौराहे पर कुछ लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार नंबर MP-06-CA-5172 ने उन्हें टक्कर मार दी। कार चला रहा व्यक्ति दीपेंद्र भदौरिया बताया जा रहा है, जो भाजपा से जुड़ा नेता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।

लोगों का फूटा गुस्सा, आरोपी की पिटाई

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और आक्रोश में उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी नाक से खून बहने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में लिया, लेकिन कुछ समय बाद वह पुलिस कस्टडी से फरार हो गया।

इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा किया और आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही से आरोपी भाग निकला। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने दबिश देकर दीपेंद्र भदौरिया को फिर से गिरफ्तार कर लिया।

जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले में लापरवाही से वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दुर्घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button