जबलपुर में टीटीई पर चाकू से हमला, मोबाइल-पर्स लूटकर फरार हुए बदमाश

जबलपुर।शहर में बढ़ते अपराधों के बीच शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक गंभीर वारदात सामने आई है। बिलहरी से रेलवे स्टेशन ड्यूटी पर जा रहे एक टीटीई पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर लूटपाट की। घायल टीटीई को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पीड़ित की पहचान जितेंद्र कुशवाहा, निवासी बिलहरी के रूप में हुई है, जो रेलवे में टीटीई के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, वे बाइक से स्टेशन की ओर जा रहे थे, तभी सृजन चौक और एम्पायर टॉकीज के बीच, मंडला बस स्टॉप के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
चाकू मारकर मोबाइल और पर्स छीना
बदमाशों ने पहले चाकू से हमला कर उन्हें घायल किया और फिर उनका मोबाइल फोन और पर्स छीनकर मौके से फरार हो गए। घायल हालत में टीटीई किसी तरह रेलवे स्टेशन पहुंचे और अपने साथियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
रेल कर्मचारियों में आक्रोश
घटना के बाद रेल कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मचारियों का कहना है कि बिलहरी, तिलहरी और गौर क्षेत्र में हजारों रेलवे कर्मचारी रहते हैं, जो दिन-रात ड्यूटी के लिए आते-जाते हैं। ऐसे में देर रात इस तरह की लूट और हिंसक घटनाएं उनकी सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं।रेल कर्मचारियों ने मांग की है कि रात में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।













