मध्य प्रदेशसिंगरौली

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने की 70 वर्ष से अधिक आयु वाले बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड निर्माण की समीक्षा 

सिंगरौली – जिला पंचायत सिंगरौली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश गोमे के द्वारा स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों — सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं सेक्टर सुपरवाइज़र  के साथ बैठक आयोजित कर 70 वर्ष से अधिक आयु के हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड निर्माण को लेकर विस्तृत समीक्षा  की ।  बैठक सीईओ कार्यालय के सभागार कक्ष में सम्पन्न हुई।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज ठाकुर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक  सुधांशु मिश्रा, डीडीएम विपिन द्विवेदी, एसएसओ दीपक सोनी, सीबीएमओ देवसर डॉ. सी.एल. सिंह सहित आयुष्मान योजना के जिला समन्वयक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सीईओ श्री गोमे ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड आज से ही प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

सीईओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा इस कार्य में शिथिलता, उदासीनता या लापरवाही की जाती है, तो उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि प्रत्येक ग्राम में प्रतिदिन न्यूनतम 50 आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी मैदानी अमले को आपसी समन्वय बनाकर घर-घर संपर्क कर पात्र हितग्राहियों की पहचान करते हुए कार्ड निर्माण की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

Author

Related Articles

Back to top button