डिंडौरी में तेज रफ्तार बस दुर्घटनाग्रस्त, 32 लोग घायल

डिंडौरी (मध्य प्रदेश), मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र में राछो घाट के पास एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे रेलिंग को तोड़ते हुए खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 32 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुई, जब बस मझौली से जबलपुर जा रही थी। बताया गया कि सभी यात्री इलाज के लिए जबलपुर जा रहे थे। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
शहपुरा थाना प्रभारी अनुराग जामदार ने बताया कि घायलों में अधिकांश लोग शहपुरा जनपद क्षेत्र के आसपास के गांवों के निवासी हैं। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी हुई है, और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है।
घटना के बाद से पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।













