देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में सड़क हादसे, सात लोगों की मौत

हैदराबाद:तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में रविवार को हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में कुल सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में दुर्घटनाएं अचानक हुईं और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में नारायणखेड़ के बाहरी इलाके में निजामपेट–बीदर हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पुलिया के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गई, जिससे बाइक पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अवुती नरसिम्हुलु (27), जिन्ना मल्लेश (24) और जिन्ना महेश (23) के रूप में हुई है। तीनों नारायणखेड़ मंडल के नरसपुर गांव के निवासी थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया गया है कि यह गड्ढा 16-बी नेशनल हाईवे पर पुलिया निर्माण के दौरान खोदा गया था। यह हाईवे संगारेड्डी जिले के निजामपेट को कर्नाटक के बीदर से जोड़ता है। गौरतलब है कि मई माह में भारी बारिश के दौरान इस हाईवे के निर्माण में तकनीकी खामियां सामने आई थीं और कई स्थानों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ था।

एक अन्य हादसे में तेलंगाना के जगतियाल जिले में गोल्लापल्ली के पास एक ट्रॉली वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान लिंगैया (50) और लच्छावा (48) के रूप में हुई है, जो अब्दुल्लापुर गांव के निवासी थे।

वहीं आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में गजपतिनगर के पास एक वैन सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में वैन में सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पी. विनय कुमार और दिनेश के रूप में हुई है, जो विशाखापत्तनम के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देने के कारण यह दुर्घटना हुई।

Author

Related Articles

Back to top button