चितरंगी में रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से शिक्षक गंभीर घायल

सिंगरौली।जिले के चितरंगी-मोरवा मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर करीब 1 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बेरी टोला और झगरौहां के बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार शिक्षक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षक को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज रीवा में जारी है।
शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार घायल शिक्षक अनिल सिंह, शासकीय प्राथमिक शाला छोटकी पिड़रिया में प्राथमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। वे शनिवार को संकुल केंद्र झगरौहां के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला गोढ़ावर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में सह-सहजकर्ता की भूमिका निभाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।













