मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड, न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री तक पहुंचा

 

सिंगरौली।रविवार सुबह सिंगरौली जिले में घना कोहरा छाया रहा, जिससे पूरे इलाके में शीतलहर का असर देखने को मिला। रात के कम तापमान और सुबह चल रही ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान गिरकर लगभग 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। घने कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे मुख्य सड़कों और ग्रामीण मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और लोगों को सावधानीपूर्वक यात्रा करनी पड़ी।

बैढ़न, देवसर, चितरंगी, सरई और माड़ा तहसीलों में ठंड का प्रभाव ज्यादा देखा गया। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में खुले खेतों, नदी-नालों और कच्चे रास्तों के आसपास देर तक कोहरा छाया रहा। कई गांवों में सुबह 9 से 10 बजे तक धूप नहीं निकल पाई, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई।

सुबह के समय खेतों और काम पर निकलने वाले लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आए। बच्चों और बुजुर्गों पर ठंड का सबसे ज्यादा असर पड़ा, जबकि लोग गर्म कपड़ों और ऊनी वस्त्रों का सहारा लेते दिखे।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। रात और सुबह के समय ठंड और घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी उपाय अपनाने की सलाह दी है।

Author

Related Articles

Back to top button