मध्य प्रदेशसिंगरौली

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा 14 लाख का चेक डैम, पाँच साल भी नहीं टिक पाया निर्माण

सिंगरौली। जनपद पंचायत चितरंगी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कपूर देई में करीब 14 लाख रुपये की लागत से निर्मित चेक डैम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। वर्ष 2020-21 में बनाए गए इस चेक डैम की हालत यह हो गई कि वह पाँच साल भी पूरा नहीं कर सका और पूरी तरह ढह गया।

ग्रामीणों के अनुसार, तत्कालीन सरपंच गीता पांडे के कार्यकाल में इस चेक डैम का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि निर्माण कार्य में भारी अनियमितताएं बरती गईं। ग्रामीणों ने बताया कि जंगल से लाए गए बड़े-बड़े बोल्डर बिना किसी तकनीकी मानक के डाले गए और बालू की जगह राखड़ (भस्सी) का इस्तेमाल कर ऊपर से प्लास्टर कर दिया गया। बाद में इसे मानक निर्माण दिखाकर मूल्यांकन करा लिया गया और पूरी राशि आहरित कर ली गई।नतीजतन, घटिया निर्माण की पोल कुछ ही वर्षों में खुल गई और चेक डैम ढह गया।

इससे क्षेत्र में जल संरक्षण का उद्देश्य भी विफल हो गया और सरकारी धन की बर्बादी सामने आई है।ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि या तो चेक डैम का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए अथवा दोषियों से आहरित राशि की वसूली की जाए। अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार सरपंच, सचिव, इंजीनियर और उपयंत्रियों पर कोई ठोस कार्रवाई होगी या फिर सरकारी धन का दुरुपयोग यूं ही चलता रहेगा।

Author

Related Articles

Back to top button