आंध्र में चलती ट्रेन में भीषण आग, 3 कोच जलकर खाक; 70 वर्षीय यात्री की मौत, 158 की जान बची

नई दिल्ली-आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा टलते-टलते रह गया, जब टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189) में अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग यात्री की जलकर मौत हो गई, जबकि 158 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह ट्रेन झारखंड के टाटानगर से केरल के एर्नाकुलम जा रही थी। घटना रात करीब 1.30 बजे उस समय हुई, जब ट्रेन दुव्वाडा स्टेशन पार कर यलमंचिली स्टेशन के नजदीक पहुंची। लोको पायलट ने बी-1 कोच से उठती आग की लपटें देखीं और तुरंत सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को यलमंचिली स्टेशन पर रोक दिया।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बी-1 कोच के साथ-साथ एम-1 और बी-2 कोच भी चपेट में आ गए। हालात को भांपते हुए रेलवे कर्मचारियों ने अन्य कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।
अफरा-तफरी, चीख-पुकार और धुएं का सैलाब
ट्रेन रुकते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। नींद से जागे लोग जान बचाने के लिए बच्चों और सामान को छोड़कर बाहर भागते नजर आए। चार दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान एक कोच से 82 और दूसरे से 76 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया।कई यात्रियों का सामान आग में जलकर राख हो गया, लेकिन सभी ने राहत की सांस ली कि उनकी जान बच गई।
मंत्री और अधिकारी मौके पर
राज्य की गृह मंत्री वी. अनीता ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। अनाकापल्ली के एसपी तुहिन सिन्हा ने पुष्टि की कि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, हालांकि एक बुजुर्ग यात्री की मौत हो गई। रेलवे ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।













