देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

जमुई में मालगाड़ी पटरी से उतरी, रेल यातायात प्रभावित

जमुई:बिहार के जमुई जिले में शनिवार देर रात हावड़ा–किऊल रेलखंड पर सिमुलतला स्टेशन के पास एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन अप और डाउन लाइन पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीमेंट से लदी मालगाड़ी जसीडीह से झाझा की ओर जा रही थी। इसी दौरान टेलवा बाजार हाल्ट के पास पुल संख्या 676 के समीप मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए। सभी डिब्बे पुल के पास ही रुक गए, जबकि इंजन करीब 400 मीटर आगे टेलवा बाजार हाल्ट के पास जाकर रुका।

घटना के बाद गाड़ी के चालक और गार्ड ने तुरंत सिमुलतला स्टेशन को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और आरपीएफ मौके पर पहुंच गए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आसनसोल मंडल के लाहाबन–सिमुलतला स्टेशनों के बीच किलोमीटर 344/05 के पास यह हादसा हुआ, जिसके कारण दोनों लाइनों पर रेल यातायात बाधित हो गया।

हादसे के चलते रात से ही कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। करीब दो दर्जन ट्रेनों को या तो रोका गया या उनके मार्ग में परिवर्तन किया गया। रेलवे द्वारा ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि आसनसोल, मधुपुर और झाझा से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) को मौके पर भेजा गया है और परिचालन बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस रेलखंड पर सामान्य आवागमन बहाल होने की संभावना है।

Author

Related Articles

Back to top button