सिंगरौली के कलाकार सुनील कुमार कुशवाहा की टीम चीन में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेगी

सिंगरौली: सिंगरौली जिले के युवा कलाकार सुनील कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में एक भारतीय टीम अगले सप्ताह चीन के हार्बिन शहर में आयोजित होने वाली 37वीं हार्बिन इंटरनेशनल आइस स्कल्पचर प्रतियोगिता (2 से 4 जनवरी 2026) और 28वीं हार्बिन इंटरनेशनल स्नो स्कल्पचर प्रतियोगिता (6 से 9 जनवरी 2026) में भाग लेने के लिए रवाना होगी।
टीम इन दोनों प्रतियोगिताओं में बर्फ और हिम से बनी मूर्तियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन करेगी। सुनील कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में भारतीय टीम स्वतंत्रता, पर्यावरण संरक्षण और संतुलन जैसे वैश्विक संदेश देने वाले आधुनिक आर्टवर्क प्रस्तुत करेगी।टीम में रवि प्रकाश, रजनीश वर्मा और मोहम्मद सुल्तान आलम जैसे अनुभवी कलाकार भी शामिल हैं, जो आइस और स्नो स्कल्पचर कला में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं।टीम लीडर सुनील कुमार कुशवाहा ने कहा, हम पूरे आत्मविश्वास के साथ इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और सिंगरौली का प्रतिनिधित्व करेंगे और हमें उम्मीद है कि हम पुरस्कार जीतकर देश लौटेंगे।
पहली बार चीन में स्नो आर्ट का प्रदर्शन
यह पहला अवसर है जब सुनील कुमार कुशवाहा और उनकी टीम चीन में स्नो आर्ट प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। इससे पहले वे स्वीडन और जापान में भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं, जहां उन्हें पहला पुरस्कार भी प्राप्त हुआ था।
सिंगरौली जिले के कलाकारों का इस तरह के अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व स्थानीय कला और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।













