मध्य प्रदेशसिंगरौली

खुटार धान खरीदी केंद्र में नियमों की उड़ायी जा रही धज्जियां

सिंगरौली सिंगरौली जिले के जरहा स्थित खुटार क्र. 1 धान खरीदी केंद्र पर किसानों के साथ गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। किसानों का आरोप है कि खरीदी केंद्र पर न केवल शासन के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, बल्कि उनके साथ आर्थिक शोषण भी किया जा रहा है। यह मामला बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि शाख सहकारी समिति (बी-पैक्स) मर्या. खुटार से जुड़ा हुआ है।

किसानों का आरोप है कि खरीदी गए धान को सुरक्षित रखने के लिए किसी प्रकार की उचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। धान को खुले में ढेर करके रखा गया है, जिससे धान की गुणवत्ता पर असर पड़ने का खतरा बना हुआ है। किसानों का कहना है कि ना तो तिरपाल की व्यवस्था की गई है, न ही उचित भंडारण स्थल उपलब्ध कराया गया है, जिससे महीनों की मेहनत बर्बाद हो सकती है।

सरकारी नियमों के तहत प्रति बोरी 40 किलो 600 ग्राम धान तौला जाना चाहिए, लेकिन खुटार क्र. 1 धान खरीदी केंद्र में 41 किलो 200 ग्राम तक धान तौला जा रहा है। इस अतिरिक्त तौल से किसानों को 1 से 1.5 किलो धान का नुकसान हो रहा है। किसानों का कहना है कि जब उन्होंने इस बारे में विरोध किया, तो उन्हें तौल बंद करने की धमकी दी गई और अभद्रता की गई।

किसानों का कहना है कि खुटार क्र. 1 धान खरीदी केंद्र के आसपास कोई अन्य खरीदी केंद्र नहीं है, जिससे वे मजबूरी में इस अन्याय को सहने को विवश हैं। किसानों ने प्रशासन से इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है ताकि उनके साथ हो रहे शोषण को रोका जा सके और शासन के नियमों का पालन किया जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button