देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

सिवनी में बड़ा हादसा: ट्रेनी विमान 33 केवी लाइन से टकराकर क्रैश, दोनों पायलट घायल

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। आमगांव क्षेत्र में सुकतरा हवाई पट्टी से उड़ान भरकर लौट रहा एक ट्रेनी विमान 33 केवी हाई-वोल्टेज बिजली लाइन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में ट्रेनर पायलट अजित एंथोनी और ट्रेनी पायलट अशोक छावड़ा घायल हुए हैं।

 

जानकारी के अनुसार, विमान लैंडिंग की तैयारी में था, तभी बादलपार सब स्टेशन की 33 केवी लाइन के निचले हिस्से से विमान का पंख टकरा गया। टक्कर के साथ ही जोरदार धमाका हुआ और तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। पावर लाइन तुरंत ट्रिप हो गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। टक्कर के बाद विमान पास के खेत में जा गिरा।

 

धमाका सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति को समझा। उन्होंने तुरंत बिजली विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी और दोनों पायलटों को बचाकर अस्पताल तक पहुंचाया। ग्रामीणों की तत्परता से घायल पायलटों को समय पर उपचार मिल सका।

 

प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि विमान के इंजन में पावर जनरेट नहीं हो रहा था। पायलट ने कंट्रोल रूम से संपर्क करके खेत में इमरजेंसी लैंडिंग कराने का प्रयास किया था, लेकिन कम ऊंचाई के कारण विमान हाई-टेंशन लाइन से टकरा गया।अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच में जुटी है।

Author

Related Articles

Back to top button