एनटीपीसी विंध्याचल में भव्यता के साथ नववर्ष 2026 का स्वागत

सिंगरौली/ एनटीपीसी विंध्याचल ने 31 दिसंबर 2025 को डॉ. आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित भव्य संगीतमय संध्या के साथ नववर्ष 2026 का उल्लासपूर्ण स्वागत किया। यह आयोजन एनटीपीसी की स्वर्णिम 50 वर्षीय यात्रा को समर्पित रहा, जिसमें गौरव, गरिमा और सामूहिकता की भावना स्पष्ट रूप से झलकी। नववर्ष संध्या का यह उत्सव एनटीपीसी की उत्कृष्ट विरासत, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र निर्माण में उसके सतत योगदान का प्रतीक बना।
इस अवसर पर संजीब कुमार साहा, परियोजना प्रमुख (विंध्याचल) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ वरिष्ठ अधिकारीगण— ए. जे. राजकुमार, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण); एम. सुरेश, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस एवं एडीएम); एस. के. सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम); डॉ. बी. के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा सेवाएं); सुश्री रूमा दे शर्मा, प्रमुख (मानव संसाधन) तथा राकेश अरोड़ा, निदेशक (मानव संसाधन) के वरिष्ठ सहायक की गरिमामयी उपस्थिति रही। विभागाध्यक्षों, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों तथा मनीष कुमार राय, वरिष्ठ कमांडेंट (सीआईएसएफ) की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा और बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के आत्मीय स्वागत एवं केक कटिंग समारोह से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया। इसके पश्चात प्रसिद्ध गायक-कलाकार शन्मुखा प्रिया एवं प्रियांग्शु दत्ता की सुमधुर और ऊर्जावान प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी संगीतमय प्रस्तुतियों से स्टेडियम उत्सव और उमंग के रंगों से सराबोर हो उठा।
बड़ी संख्या में उपस्थित कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। यह स्वर्ण जयंती नववर्ष संध्या उत्सव अतीत की उपलब्धियों पर गर्व और भविष्य के प्रति आशा व विश्वास का सुंदर संगम सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम के उपरांत श्री संजीब कुमार साहा, परियोजना प्रमुख(विंध्याचल) ने वरिष्ठ प्रबंधन टीम के साथ स्टेज-1 से 5, सीएचपी, एमजीआर तथा स्विचयार्ड सहित प्रमुख नियंत्रण कक्षों का दौरा किया। ड्यूटी पर तैनात युवा अभियंताओं से संवाद करते हुए उन्होंने नववर्ष की शुभकामनाएं दीं तथा केक कटिंग के माध्यम से उनके योगदान की सराहना की। यह पहल संगठन में आपसी सहयोग, प्रेरणा और एकजुटता के सशक्त संदेश के रूप में उभरी।













