पेट्रोल पंप पर मिलावटी पेट्रोल देने का मामला, बुलेट बाइक का इंजन सीज

सिंगरौली-सिंगरौली जिले के बैढ़न स्थित एक पेट्रोल पंप पर मिलावटी पेट्रोल देने का मामला सामने आया है। बीजपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाने के बाद एक बुलेट बाइक का इंजन सीज हो गया, जिससे बाइक मालिक को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
पचखोरा निवासी विपिन कुमार, जो इंडियन कॉफी हाउस में मैनेजर हैं, ने बताया कि उन्होंने पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाया था। कुछ ही दूरी चलने के बाद बाइक बंद हो गई। जब बाइक को मिस्त्री के पास दिखाया गया, तो जांच में पेट्रोल में पानी मिलने की बात सामने आई। मिस्त्री के मुताबिक, यही कारण था कि बाइक का इंजन सीज हो गया। मिस्त्री ने बाइक की मरम्मत का खर्च लगभग 10 हजार रुपए बताया है।
इस मामले पर नापतोल विभाग के प्रभारी इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने कहा कि यह उनका काम नहीं है और उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि पेट्रोल पंप संचालक की कोई गलती नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल जैसे महत्वपूर्ण और जरूरी ईंधन की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच होनी चाहिए। यदि प्रशासन इस तरह की जांच सही से नहीं करता है, तो आम लोग कैसे सुरक्षित रहेंगे। मामले को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई है और उन्होंने मांग की है कि मामले की जांच की जाए और दोषी पेट्रोल पंप पर कड़ी कार्रवाई की जाए।













