मोरवा भाजपा मंडल अध्यक्ष और सत्य नारायण वैश्य के बीच मारपीट मामले में वैश्य समाज का प्रतिनिधिमंडल भाजपा कार्यालय और सांसद कार्यालय पहुंचा

सिंगरौली-मोरवा भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद कुर्यवंशी और सत्य नारायण वैश्य के बीच मारपीट के विवाद को लेकर वैश्य समाज के लोग सैकड़ों की संख्या में भा.ज.पा कार्यालय और सांसद कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भा.ज.पा जिला अध्यक्ष सुंदर शाह और सांसद डॉ. राजेश मिश्रा से मुलाकात की और अपनी पीड़ा व्यक्त की।

सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और जिला अध्यक्ष सुंदर शाह ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, वैश्य समाज हमारे परिवार का हिस्सा है। उन्होंने अपनी पीड़ा हमसे साझा की है। मोरवा मंडल अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर पहले ही दर्ज हो चुकी है। इस मामले में एक बार एफआईआर हो चुकी है, अब इसकी दोबारा प्रक्रिया नहीं हो सकती। मोरवा पुलिस मामले की विवेचना कर रही है, और कानून अपना काम करेगा।दोनों नेताओं ने आगे कहा कि मंडल अध्यक्ष को हटाने का सवाल पार्टी संगठन से जुड़ा हुआ है, और इस मामले में फैसला पार्टी संगठन ही करेगा। उनका कहना था, हमारे पास मंडल अध्यक्ष को हटाने का अधिकार नहीं है।
यह पार्टी संगठन का मामला है और संगठन इस पर निर्णय करेगा।इस दौरान, दोनों नेताओं ने यह भी कहा कि मामले को अनावश्यक रूप से तूल दिया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पार्टी और प्रशासन दोनों इस मामले में उचित कार्रवाई करेंगे। इस घटना के बाद से स्थानीय राजनीति में हलचल बनी हुई है, और यह मामला सिंगरौली में चर्चा का विषय बना हुआ है।













