
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में ‘ग्लैमर और पॉलिटिक्स’ का नया अध्याय जुड़ गया है। बंगाली सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री पारनो मित्रा ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सदस्यता ग्रहण कर ली। कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य की वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य और वरिष्ठ नेता जयप्रकाश मजूमदार की मौजूदगी में उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की विचारधारा में विश्वास जताया।
टीएमसी में शामिल होते ही पारनो मित्रा ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि छह साल पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना उनके जीवन की “एक बड़ी भूल” थी। उनके इस बयान से राजनीतिक गलियारों में नई बहस छिड़ गई है।पारनो मित्रा ने वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद वह राजनीति में लगभग निष्क्रिय रहीं। अब टीएमसी में शामिल होते हुए उन्होंने कहा कि वह अपनी गलती को सुधारना चाहती हैं और ममता बनर्जी व अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में राज्य की सेवा करना चाहती हैं।
हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह 2026 के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार के तौर पर उतरेंगी या नहीं, लेकिन उनके इस कदम से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।टीएमसी की वरिष्ठ नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि पारनो स्वयं पार्टी के संपर्क में आई थीं और राज्य में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित थीं। वहीं भाजपा ने इस घटनाक्रम को ज्यादा अहमियत नहीं देते हुए कहा कि पारनो पिछले काफी समय से राजनीति में सक्रिय नहीं थीं, इसलिए उनके जाने से पार्टी पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
सिनेमा और राजनीति के इस मेल ने बंगाल की सियासत में नई दिलचस्पी पैदा कर दी है। अब देखना होगा कि पारनो मित्रा का यह कदम टीएमसी के लिए कितना लाभकारी साबित होता है।












