मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनसीएल कॉलोनी में चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान भी बरामद

सिंगरौली- जिले के एनसीएल परियोजना जयंत की कॉलोनी में लगातार हो रही चोरियों पर आखिरकार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल कर ली है। कॉलोनी के कई आवासों से गेट और एसी के कॉपर पाइप चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गोलाई बस्ती से गिरफ्तार कर लिया है।

चौकी प्रभारी जयंत उनि सुधाकर सिंह परिहार ने बताया कि बीते कुछ महीनों से एनसीएल कॉलोनी जयंत में लगातार घरों के गेट और एसी के कॉपर पाइप चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। इन मामलों में चौकी जयंत में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
गुरुवार को जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर बबलू बंसल पिता मोतीलाल बंसल (उम्र 30 वर्ष), निवासी गोलाई बस्ती, जयंत को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटनाओं को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी विंध्यनगर निरीक्षक अर्चना द्विवेदी, चौकी प्रभारी जयंत सुधाकर सिंह परिहार, सउनि राजेश द्विवेदी, प्रआर सुनील मिश्रा, आरक्षक प्रकाश सिंह, महेश पटेल एवं सुरेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी पुलिस अधीक्षक द्वारा सराहना की जा रही है।पुलिस की इस कार्रवाई से एनसीएल कॉलोनी के रहवासियों ने राहत की सांस ली है और इलाके में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button