देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

स्वामी विवेकानंद जयंती पर जबलपुर में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार

जबलपुर।स्वामी विवेकानंद की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आज जबलपुर के पंडित लज्जा शंकर झा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मॉडल स्कूल) में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और लगभग 1500 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया।

योग केवल व्यायाम नहीं, जीवन की वैज्ञानिक विधा : देवड़ा

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद आधुनिक भारत की चेतना के प्रतीक थे। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि यह मन, शरीर और आत्मा को संतुलित करने की वैज्ञानिक प्रक्रिया है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधियों ने भी किया योगाभ्यास

इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, डॉ. अभिलाष पांडे, संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय एवं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने विद्यार्थियों के साथ योग किया।

राष्ट्रभक्ति और योग का अद्भुत संगम

कार्यक्रम के दौरान आकाशवाणी से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश प्रसारित किया गया तथा स्वामी विवेकानंद के शिकागो भाषण का हिंदी अनुवाद भी सुनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। रेडियो से प्राप्त निर्देशों के अनुसार विद्यार्थियों ने सूर्य नमस्कार के विभिन्न आसन एवं प्राणायाम किए।

अंत में जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संदीपा स्थापक पचौरी द्वारा किया गया। मॉडल स्कूल सहित जिले के सभी शहरी एवं ग्रामीण विद्यालयों में भी यह आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।

Author

Related Articles

Back to top button