स्वामी विवेकानंद की जयंती पर सांसद कार्यालय परिसर में भव्य आयोजन

सिंगरौली- जिले के वार्ड क्रमांक 40 में स्थित सांसद कार्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती बड़े धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत गौ पूजन से हुई, इसके बाद सभी अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के अलावा भा.ज.पा. जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, विधायक राम निवास शाह, विधायक राजेंद्र मेश्राम, पूर्व विधायक रामलल्लू वैश्य, प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह, निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय और जनपद अध्यक्ष प्रणव पाठक समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी जी ने भारतीय संस्कृति और ज्ञान को दुनिया में फैलाया। जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने स्वामी जी के प्रसिद्ध वचन उठो जागो और तब तक न रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए का उल्लेख किया और युवाओं को प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर दीपांजलि अर्पित की और उनकी जयंती को लेकर एकजुटता का संदेश दिया। इस अवसर पर हाई मास्क लाइट का भी लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का संचालन वार्ड पार्षद सीमा जायसवाल ने किया।













