मध्य प्रदेशसिंगरौली

अपना सिंगरौली हमारा गर्व अभियान के तहत परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6.92 लाख रुपये का राजस्व वसूला

सिंगरौली। जिले को दुर्घटना मुक्त और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन अपना सिंगरौली हमारा गर्व के तहत परिवहन चेक पॉइंट सिंगरौली ने सख़्त और प्रभावी अभियान चलाया। इस दौरान एक मालवाहक वाहन को ज़ब्त किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले कई अन्य वाहनों पर चलानी कार्रवाई कर लाखों रुपये का राजस्व संग्रह किया गया।परिवहन विभाग की इस विशेष मुहिम में आज करीब 1.82 लाख रुपये का चालान काटा गया, जबकि कुल मिलाकर कार्रवाई से लगभग 6.92 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यह कार्रवाई जिला कलेक्टर गौरव बैनल के आदेश और जिला परिवहन अधिकारी के निर्देश पर चेक पॉइंट प्रभारी व उनकी टीम द्वारा की गई।

अभियान के दौरान बंधा, कन्वेयर बेल्ट और बारीगंवा क्षेत्र में विशेष रूप से बिना परमिट, बिना टैक्स, बिना बीमा, बिना फिटनेस और बिना प्रदूषण प्रमाण-पत्र चल रहे वाहनों के खिलाफ सख्ती बरती गई। साथ ही ओवरलोड और बिना तिरपाल ढंके रेत, गिट्टी, कोयला और राखड़ ले जा रहे वाहनों को भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई।स्थानीय नागरिकों की शिकायतों पर सड़क पर सामग्री गिरने और धूल-प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर ज़ब्ती और चालानी कार्रवाई की गई, जिससे आम लोगों को राहत मिली।

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मकसद केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सुरक्षित, अनुशासित और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करना है।प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में निगरानी और प्रवर्तन को और सख़्त किया जाएगा, ताकि जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और सिंगरौली को वास्तव में दुर्घटना मुक्त और स्वच्छ बनाया जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button