सिंगरौली में पुलिस का सख्त संदेश: शहर से लेकर थानों तक निकाला गया फ्लैग मार्च, शांति भंग करने वालों पर रहेगी पैनी नजर

सिंगरौली। जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार 15 जनवरी को सिंगरौली पुलिस द्वारा शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री पी.एस. परस्ते के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
फ्लैग मार्च थाना बैढ़न, विंध्यनगर, नवानगर और चौकी जयंत सहित शहरी इलाकों में निकाला गया। इसके साथ ही जिले के सभी थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल के साथ मार्च किया गया।
मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर उनसे शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह या भड़काऊ गतिविधि से दूर रहने की अपील की। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी पोस्ट या गतिविधि पर सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध या भड़काऊ गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम सिंगरौली (7049134457) या नजदीकी थाना को दें। पुलिस ने दो टूक कहा कि सिंगरौली की शांति और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।













