देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

सवाईमाधोपुर में भीषण सड़क हादसा: दो ट्रकों की टक्कर, 3 की मौत

 

जयपुर/सवाईमाधोपुर। राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले में कोटा–लालसोट मेगा स्टेट हाईवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।

हादसा कुश्तला सर्किल के पास रात करीब 11 बजे हुआ, जब दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

रवांजना डूंगर थाना प्रभारी दिलीप कुमार ने बताया कि मृतकों में से दो की पहचान आधार कार्ड के माध्यम से सुनील कुमार पाण्डेय और भवानी के रूप में हुई है। तीसरे मृतक और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, एक ट्रक सवाईमाधोपुर की ओर से आ रहा था, जिसमें सब्जियां भरी थीं, जबकि दूसरा ट्रक 8-लेन एक्सप्रेसवे से आ रहा था और उसमें प्लाई बोर्ड लदे हुए थे।

टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रवांजना डूंगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रकों में फंसे चारों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। इलाज के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल को जयपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button