धान से भरी ट्रॉली से टकराई छात्रों की स्कूटी, तीन नाबालिगों की मौत
कोचिंग से लौटते समय हादसा, आमदेही गांव में शोक की लहर

नर्मदापुरम। जिले के सोहागपुर क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9वीं कक्षा के तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा करणपुर के पास उस समय हुआ, जब धान से भरी खड़ी ट्रॉली से छात्रों की स्कूटी जा टकराई। मृतक छात्र ग्राम आमदेही के रहने वाले थे, जिनमें दो आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अश्विन रघुवंशी, शिव रघुवंशी और मनुराज रघुवंशी सोहागपुर स्थित सेंट पेट्रिक स्कूल में पढ़ाई करते थे। वे रोजाना करीब 5 किलोमीटर दूर आमदेही गांव से सोहागपुर आते-जाते थे। शनिवार रात करीब 8.30 बजे तीनों छात्र कोचिंग से लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम करणपुर चौधरी पेट्रोल पंप के पास उनकी ओला स्कूटी सड़क किनारे खड़ी धान से भरी ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। तहसीलदार नीरू जैन, सोहागपुर थाना प्रभारी उषा मरावी सहित प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे। रविवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
गौरतलब है कि क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर ट्रॉली से टकराने की यह दूसरी घटना है। स्थानीय लोगों ने धान परिवहन में लगी ट्रॉलियों पर रेडियम और पर्याप्त लाइट अनिवार्य करने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके।













