राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सिंगरौली।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह जनवरी 2026 के अंतर्गत जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज वॉकथन एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, आम नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
वॉकथन के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा, हेलमेट व सीट बेल्ट अनिवार्य, शराब पीकर वाहन न चलाएं जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। वॉकथन शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में भी जागरूकता का संदेश पहुंचा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
इसके साथ ही यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस कर्मियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी और पंपलेट व पोस्टर वितरित किए। नियमों का उल्लंघन न करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने के लिए समझाइश दी गई।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जन-जीवन सुरक्षित रह सके।













