देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

कानपुर में फिल्मी अंदाज़ का मामला: प्रेमी को छुपाने के लिए युवती ने संदूक में किया बंद

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। चकेरी थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने प्रेमी को परिजनों से छुपाने के लिए लोहे के भारी संदूक में बंद कर दिया। युवक करीब 45 मिनट तक संदूक के भीतर कैद रहा। शोर-शराबा और संदूक के अंदर से हलचल होने पर परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह युवती के परिजन घर से बाहर गए हुए थे। मां काम पर चली गई थीं और भाई ट्रैक्टर लेकर बाहर था। घर खाली देखकर युवती ने अपने पड़ोस में रहने वाले प्रेमी को बुला लिया। युवक सुबह करीब 11:30 बजे मोटरसाइकिल से घर पहुंचा। इसी दौरान युवती की चाची अचानक घर आ गईं। कमरे से पुरुष की आवाज सुनकर चाची को संदेह हुआ और उन्होंने दरवाजा खटखटाया।

पकड़े जाने के डर से युवती ने आनन-फानन में प्रेमी को कमरे में रखे लोहे के संदूक में घुसा दिया और बाहर से ताला लगा दिया। चाची ने युवती के व्यवहार को संदिग्ध पाकर मुख्य गेट को बाहर से बंद कर दिया और अन्य परिजनों को बुला लिया। तलाशी के दौरान जब संदूक के अंदर से आवाजें आने लगीं तो पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने संदूक खुलवाया, जिसमें युवक पसीने से तर-बतर हालत में मिला। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए युवक और युवती दोनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि युवक की हालत ठीक है और मामले की जांच की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button