मोबाइल पर बात कर रहा था ड्राइवर, अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो; 12 से अधिक यात्री घायल

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में शनिवार दोपहर एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। बरगवां से बैढ़न की ओर जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर गडेरिया गांव के पास सड़क से नीचे पलट गया। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार 12 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। ऑटो क्रमांक एमपी 66आर 3039 तेज रफ्तार में था और चालक मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान उसका वाहन से नियंत्रण हट गया और ऑटो पलट गया। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
घायलों में 20 वर्षीय शिवकुमारी की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही बरगवां पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही और मोबाइल पर बात करना बताया है। चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें और यातायात नियमों का पालन करें।













