गुजरात में भीषण सड़क हादसा: मिनी ट्रक–कार भिड़ंत में 7 की मौत, 4 गंभीर

पाली/पालनपुर। गुजरात के बनासकांठा जिले की अमीरगढ़ तहसील में आबूरोड–पालनपुर नेशनल हाईवे-27 पर शनिवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। इकबालगढ़ के पास एक मिनी ट्रक और कार की आमने-सामने भिड़ंत में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा शनिवार रात करीब साढ़े सात से पौने आठ बजे के बीच हुआ। बनासकांठा पालनपुर कंट्रोलरूम के अनुसार, मिनी ट्रक डिवाइडर कूदकर विपरीत दिशा में आ गया और कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
अमीरगढ़ थाने के पुलिस निरीक्षक बी.डी. गोहिल ने बताया कि मृतकों में एक महिला और छह पुरुष शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से पालनपुर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। कार राजस्थान पासिंग बताई जा रही है और मृतक भी राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हाइवे पर लगा लंबा जाम
हादसे की सूचना मिलते ही अमीरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से कार की बॉडी काटकर शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के चलते हाइवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल कराया।
मृतकों की पहचान
हादसे में मारे गए सात लोगों में से छह की पहचान हो चुकी है। मृतकों में ड्राइवर प्रकाश कलावंत (36) पुत्र वागाराम निवासी फालना (पाली), मोहम्मद हुसैन, जिन्नत पत्नी मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद शरीफ निवासी छावनी गांव शिवगंज (सिरोही), दीपक सिंह निवासी आबूरोड (सिरोही) शामिल हैं। एक मृतक पिंडवाड़ा (सिरोही) का निवासी है, जबकि अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है।













