मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिस्टा संगठन के महासचिव उपेन्द्र मिस्त्री ने एनसीएल प्रबंधन को सौंपा मांगपत्र

एससी-एसटी बैकलॉग भर्ती, चिकित्सीय सुविधाओं और परिवहन व्यवस्था पर ध्यानाकर्षण

सिंगरौली।सिस्टा संगठन के महासचिव उपेन्द्र मिस्त्री ने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) एवं निदेशक (मानव संसाधन) को एक पत्र प्रेषित कर कर्मचारियों एवं सामाजिक न्याय से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है।

पत्र में महासचिव ने उल्लेख किया है कि एनसीएल में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के रिक्त बैकलॉग पदों की शीघ्र समीक्षा की जाए तथा विशेष भर्ती अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक समावेशन को मजबूती मिलेगी और संवैधानिक प्रावधानों का समुचित पालन सुनिश्चित हो सकेगा।

इसके साथ ही नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में मरीजों को रेफर किए जाने की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की गई है। महासचिव ने आग्रह किया है कि मेडिकल बोर्ड की बैठक सप्ताह में कम से कम दो दिन आयोजित की जाए, ताकि कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को समय पर चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और अनावश्यक विलंब से बचा जा सके।

पत्र में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन से आवागमन हेतु बस सेवा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है, जिससे यात्रा संबंधी समस्याओं का समाधान हो सके।
सिस्टा संगठन ने आशा व्यक्त की है कि एनसीएल प्रबंधन कर्मचारी एवं जनहित से जुड़े इन विषयों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा।

Author

Related Articles

Back to top button