मध्य प्रदेशसिंगरौली

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम संपन्न

सिंगरौली; मध्यप्रदेश शासन के लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार कक्षा ९वीं से १२वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किए जा रहे पाँच दिवसीय करियर मेले एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम के अंतर्गत आज शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई में करियर काउंसलिंग सत्र का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने में मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता के रूप में रोहिणी जी, संचालक ग्लोरियस पब्लिक हाई स्कूल एवं सामाजिक कार्यकर्ता, विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के महत्व, जीवन कौशल, करियर योजना, उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों, कौशल आधारित रोजगार तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सरल उदाहरणों के माध्यम से यह स्पष्ट किया कि आत्मविश्वास, सतत प्रयास और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री ललित कुमार द्विवेदी ने अतिथि वक्ता का स्वागत करते हुए कहा कि करियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम छात्राओं को भ्रम से निकालकर सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने शासन की इस पहल को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

कार्यक्रम में माखन लाल प्रजापति,सत्य प्रकाश, शिव रंजन गुप्ता, अलका प्रजापति,रामवती सिंह ,अनुराग साहू ,विजय जायसवाल सहित विद्यालय का समस्त शिक्षकीय एवं अशिक्षकीय स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण की दिशा में एक सार्थक प्रयास बताया ।अंत में छात्राओं द्वारा जिज्ञासाओं का समाधान किया गया, जिससे कार्यक्रम अत्यंत संवादात्मक, प्रेरक और सफल रहा।

Author

Related Articles

Back to top button