विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (जी-राम-जी) एक्ट पर जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न
सिंगरौली।केंद्र सरकार की बहुउद्देशीय एवं रोजगार संवर्धन की दृष्टि से प्रारंभ की गई विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (जी-राम-जी) एक्ट को लेकर भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली जिले की विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज राज्यमंत्री राधा सिंह उपस्थित रहीं, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने की।
कार्यशाला में विधायक देवसर राजेंद्र मेश्राम, सीडा अध्यक्ष दिलीप शाह, निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला वर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन रहे। इस अवसर पर योजना को ग्रामीण स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। अभियान का जिला स्तर पर नेतृत्व जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह करेंगे, जबकि संयोजक की जिम्मेदारी जिला महामंत्री योगेन्द्र द्विवेदी को सौंपी गई है।
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह योजना ग्रामीण भारत की तस्वीर बदलने वाली है। योजना के अंतर्गत 125 दिनों की रोजगार गारंटी, जल सुरक्षा, आजीविका संवर्धन, ग्रामीण अधोसंरचना और डिजिटल निगरानी जैसे प्रावधान शामिल हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देते हुए योजना की वास्तविक जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि योजना को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर करना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। कार्यशाला में अभियान की आगामी रणनीति और क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन योगेन्द्र द्विवेदी तथा आभार प्रदर्शन विनोद चौबे ने किया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













