देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

बरगी नहर टूटी, ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

जबलपुर-मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ। बरगी परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सगड़ा और झपनी के बीच बरगी दाईं तट मुख्य नहर अचानक फूट गई। यह नहर रीवा तक पानी पहुंचाती है। नहर टूटते ही भारी मात्रा में पानी आसपास के गांवों में घुस गया, जिससे कुछ ही देर में बाढ़ जैसे हालात बन गए।

घरों में भरा 2–3 फीट पानी, संपर्क टूटा
तेज बहाव के कारण सगड़ा सहित आसपास के कई गांवों में घरों के अंदर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। घरेलू सामान बह गया और दर्जनों गांवों का आपसी संपर्क टूट गया। खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह जलमग्न हो गईं। हालात बिगड़ते देख ग्रामीण मवेशियों के साथ ऊंचे स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हुए। पानी का स्तर लगातार बढ़ने से दहशत का माहौल है।

मेंटेनेंस में लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने इसे प्राकृतिक आपदा मानने से इनकार किया। उनका कहना है कि नहर के तटबंध लंबे समय से कमजोर थे और इसकी शिकायतें पहले भी की गई थीं, लेकिन समय रहते मरम्मत और सफाई नहीं कराई गई। घटना के बाद भी जल आपूर्ति रोकने और राहत कार्य शुरू करने में देरी को लेकर लोगों में नाराजगी है।

प्रशासन अलर्ट, राहत की मांग
स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों ने तत्काल पानी की आवक रोकने, राहत शिविर लगाने और फसल नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button