जिला जेल में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप

सिंगरौली। जिला जेल सिंगरौली से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं तथा न्यायिक जांच की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रमाकांत पटेल निवासी बनौली, खुटार चौकी क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने रमाकांत पटेल को 18 दिसंबर 2025 को उसके घर के अंदर मादक पदार्थ गांजा उगाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे जिला जेल भेज दिया गया था, जहां वह विचाराधीन कैदी के रूप में बंद था।
मृतक के भाई रणधीर पटेल ने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन द्वारा उन्हें कभी यह जानकारी नहीं दी गई कि रमाकांत की तबीयत खराब है। उन्होंने बताया कि अचानक फोन कर तबीयत खराब होने की सूचना दी गई, लेकिन जब तक परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों का आरोप है कि शव पर कई जगह चोट के निशान थे, जिससे मारपीट की आशंका जताई जा रही है।
वहीं जिला जेलर लक्ष्मीकांत चतुर्वेदी ने बताया कि शुक्रवार सुबह बंदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेलर के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक प्रतीत हो रहा है। हालांकि उन्होंने कहा कि पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।













